आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की भरी बस अचानक से आग के गोले में तब्दील हो गई। वहीं बस चालक की सूझबूझ से बस में सवार 45 यात्रियों की जान बच गई। लेकिन बस में सवार यात्रियों का पूरा सामान जल गया। यात्रियों से भरी ये बस अजमेर से यात्रा कराने के बाद नेपाल जा रही है। बस में सवार यात्री भी नेपाल के निवासी थे।
मंगलवार को प्राइवेट बस (संख्या प्रदेश 00 ख 8122) अजमेर शरीफ से यात्रियों को लेकर नेपाल जा रही थी। दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही बस थाना सिरसागंज क्षेत्र के आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे खंभा संख्या 76 किलोमीटर के समीप पहुंची ही थी कि अचानक बस से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।
बस चालक चुन्नू मिश्रा निवासी ग्राम गिरगाज थाना बीरगंज जिला परसा नेपाल ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए बस को साइड में लगाया और सभी यात्रियों को बस से जल्दी से निकालना शुरू कर दिया। बस में सवार यात्रियों में कोई खिड़़कियों से तो कोई चालक की खिड़की और मुख्य गेट से बाहर निकल गए। लेकिन सामान निकालने को मौका नहीं मिल सका। तब तक आग बस में फैल चुकी थी। आग की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस और कठफोरी चौकी प्रभारी अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
आग इतनी भीषण थी कि बस लपटों से घिर गई थी। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
बैरिंग की रगड़ से बस की टॉयर में लगी थी आग
नेपाल जा रही बस के पिछले पहिये की बैरिंग की रगड़ के कारण निकली चिंगारी से पिछले पहिये में आग लग गई। टायर में आग लगने के साथ ही पूरी बस में आग लग गई। आग लगने की जानकारी मिलते ही सीएफओ सतेंद्र कुमार पांडेय मौके पर पहुंच गए। सिरसागंज की दो गाड़ियों के साथ शिकोहाबाद फायर ब्रिगेड टीम, यूपीडा गश्ती दल, ड़ायल 112 की टीम और तीन एबुलेंस भी मौके पर पहुंच गईं।
आधे घंटे तक प्रभावित रहा एक्सप्रेसवे
एक्सप्रेसवे पर खड़ी बस में लगी आग की लपटें उठने के साथ काफी धुंआ का गुबार निकलने लगा तो पुलिस ने हाईवे से गुजर रहे वाहनों को भी रोक दिया था। ताकि इस आग की चपेट में कोई अन्य वाहन न आ जाए। वहीं दमकल कर्मियों के आग पर काबू पाने के बाद यातायात को सुचारू किया गया।
लखनऊ भी घूमने के लिए रुकने वाले थे यात्री
यात्रियों में शामिल बुजुर्ग अब्दुल्ला हवारी ने बताया कि अजमेर में घूमने के बाद वे मंगलवार की रात में लखनऊ पहुंच जाते और दो दिनों तक लखनऊ में रुकने के बाद उन्हे वापस नेपाल जाना था। अब यात्रियों का सभी सामान जलकर खाक हो चुका है और अब वे सीधे नेपाल ही जाएंगे।