सराफा व्यापार पर एक्साइज ड्यूटी और दो लाख की खरीद पर पैन कार्ड की अनिवार्यता को लेकर सराफा बाजार लगातार 20वें दिन सोमवार को भी बंद रहा। व्यापारियों ने घंटाघर पर आम आदमी पार्टी के साथ धरना प्रदर्शन और बाइक जुलूस निकालकर राष्ट्रपति के नाम डीएम को ज्ञापन सौंपा।
सराफा कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र पुरवार ने कहा कि सराफा व्यापारियों के आंदोलन को लेकर कुछ लोग भ्रामक प्रचार कर रहे हैं, जो पूर्णतया गलत है। ऐसे भ्रामक प्रचार के माध्यम से व्यापारियों में फूट डालने की कोशिश की जा रही हैं, लेकिन व्यापारी किसी के बहकावे में न आएं।
केंद्र सरकार के खिलाफ पूरे देश में आंदोलन चल रहा है। आगरा, दिल्ली, मुंबई, मेरठ सराफा एसोसिएशन से लगातार संपर्क किया जा रहा है। सराफा व्यापारियों ने एलान किया कि जब तक केंद्र सरकार दोनों मांगें नहीं मान लेती, आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। घंटाघर पर धरना प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ घंटाघर से जिला मुख्यालय तक बाइक रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर नीरज बौहरे, जीतू जैन, विकास पोरवाल, आशु पाराशर, अंकित मित्तल, मनोज अग्रवाल, जितेंद्र जैन, राजा बाबू जैन, मोहम्मद यासीन, मोहम्मद परवेज, सुनील पोरवाल, राजीव बंसल, अखिलेश बंसल, योगेश पोरवाल, रविकांत जैन आदि मौजूद थे।
बाक्स--
वित्त मंत्री-दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को भी भेजा ज्ञापन
सराफा कमेटी नें केंद्र सरकार द्वारा स्वर्ण आभूषणों पर एक्साइज ड्यूटी और पैन कार्ड जैसे काले कानून को वापस कराने के लिए वित्त मंत्री अरुण जेटली, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी ज्ञापन भेजा। वित्त मंत्री से काले कानून को वापस लेने की मांग की गई।
स्वर्णकार संघ ने खुलवाया बाजार
स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष राजकुमार वर्मा राजू ने जूता वाली गली, नालबंद चौराहा, हाजीपुरा, गालिब नगर, रामगढ़, आसफाबाद, लालपुर मंडी, मौढ़ा, कनेटा, छोटा मिर्जा का नगला, सैलई, इंद्रानगर, कोटला रोड, बोधाश्रम, जलेसर रोड, सुहाग नगर, हिमायूंपुर, चंद्रवार गेट, छारबाग महावीर नगर, करबला का सराफा बाजार खुलवाया।