फिरोजाबाद। विकास प्राधिकरण ने अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चंद्रवार गेट क्षेत्र में रामनगर स्थित अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा। विकास प्राधिकरण की निगाह अब अन्य कॉलोनियों पर है।
रामनगर मिलन वाटिका मैरिज होम के सामने लगभग 4000 वर्गमीटर क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्लॉटिंग की जा रही थी। इस मामले में प्राधिकरण द्वारा 19 जुलाई 2024 को वाद दर्ज किया गया था। इसके बाद 18 अगस्त 2025 को उपाध्यक्ष के आदेश पर ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी रही और पूरी कार्रवाई सख्त निगरानी में संपन्न हुई।
इस दौरान सचिव फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण विनोद कुमार पांडेय, अभियंता अकरामुद्दीन, राकेश तौमर, प्रदीप कुमार, धनेश कुमार, बेअंत सिंह मौजूद रहे।