उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में फसल की रखवाली कर रहे किसान को सांड ने उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद कई बार हमला किया। आसपास काम कर रहे लोग चीख सुनकर भागकर पहुंचे। उन्होंने सांड को वहां से भगाया। लेकिन, तब तक किसान की सांसें थम चुकी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
विज्ञापन
घटना सिरसागंज थाना क्षेत्र के नगला पुराना गांव की है। गांव निवासी विजयपाल (38) बुधवार की रात खेत पर फसल की रखवाली करने गए थे। परिजन के अनुसार देर रात खेत में एक सांड आ गया। सांड़ का पता चलते ही वह उसे भगाने के लिए गए। तभी सांड ने उसे सींग से उठाकर जमीन पर पटक दिया।
जमीन पर गिर जाने के बाद भी कई बार सींग से हमला किया। चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर पहुंचे। उन्होंने सांड को वहां से भगाया। सांड के हमले से विजय पाल की मौके पर ही मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार के बीच कोहराम मच गया। थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।