सातवें वेतन आयोग की विसंगतियों के विरोध और पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर गुरुवार को शिक्षक एवं कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अपना हक लेकर रहेंगे चाहे इसके लिए सरकार की ईंट से ईंट क्यों न बजानी पड़े। 20 जुलाई को ब्लाक से लेकर डीएम कार्यालय तक बाइक रैली निकाली जाएगी।
उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी-शिक्षक समन्वय समिति के प्रांतीय आह्वान पर विकास भवन के बाहर जिले भर के शिक्षक कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष डा. ध्रुव कुमार आचार्य ने सातवें वेतन आयोग को एक छलावा बताते हुए कहा कि सरकार इसके माध्यम से कर्मचारियों और शिक्षकों को ठगना चाह रही है। प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष डा.सौर्यदेवमणि यादव ने कहा कि जो अधिकारी शिक्षकों का उत्पीड़न करते हैं वह होश में आ जाएं। कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ के मंडलीय सचिव अजीत उपाध्याय ने कहा कि हमारा कलेक्ट्रेट का प्रत्येक कर्मचारी शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ कदम से कदम मिलाकर संघर्ष करेगा। जिला मंत्री सुनील भटनागर ने एकजुट होकर संघर्ष का आह्वान किया। शिक्षक नेता शिवशंकर शर्मा, माध्यमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उमेश यादव ने माध्यमिक शिक्षकों ने कहा कि शिक्षक व कर्मचारी एकजुटता के साथ अपना हक मांगेंगे। जिला मंत्री राजीव शर्मा ने काव्यपाठ के माध्यम से सरकार पर कटाक्ष किए। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाह ने कहा आईएएस अफसरों का वेतन तीन गुना बढ़ा दिया लेकिन हमारा वेतन 18 हजार ही रखा है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष मुलायम सिंह ने चेतावनी दी कि अफसरों ने उत्पीड़न बंद नहीं किया तो अधिकारी कार्यालय का ताला नहीं खोल पाएंगे। चालक महासंघ के जिला महामंत्री महेंद्र सिंह चौहान, अटेवा जिलाध्यक्ष संजय यादव ने विचार व्यक्त किए। शिक्षक कर्मचारी समन्वय समिति के जिलाध्यक्ष संदीप दीक्षित ने आभार व्यक्त किया। संचालन अवधेश कौशिक ने किया। भुवनेश यादव, इंसाफ अली, जगवीर सिंह, नरेंद्र शर्मा, कमलकांत पालीवाल, संजय यादव, अरुण गुप्ता, कल्पना राजौरिया, रामकेश यादव, मुनीश शर्मा, मीरा श्रीवास्तव थे।
काली पट्टी बांधकर किया काम
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश ग्राम्य विकास कर्मचारी महापरिषद के प्रांतीय आह्वान पर गुरुवार को अधिकारियों के साथ कर्मचारी काली पट्टी बांधकर काम करते दिखाई दिए। महापरिषद पंचायती राज के अधिकारों में बढ़ोत्तरी एवं बीडीओ के अधिकारों में कटौती का विरोध कर रहे थे। महापरिषद का यह विरोध प्रदर्शन 18 जुलाई तक जारी रहेगा। विकास भवन में डीडीओ आरके राम ने कहा कि यह आंदोलन विकास भवन से लेकर सभी ब्लाक क्षेत्रों में संचालित होगा। पीडी डीआरडीए सर्वेशचंद्र यादव ने कहा कि हक के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा। जिलाध्यक्ष पीएन यादव, गोपाल सिंह, मनोज गुप्ता, श्रीकृष्ण शंखवार, मुश्ताक अहमद, रामविलास दोहरे, प्रवीन कुमार, एके जोहरी थे।