बहन के लिए लड़का देखकर लौट रहे युवक की गांव बासठ के समीप ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं हादसे में युवक का एक साथी घायल हो गया। घटना के बाद पहुंचे परिवारीजनों ने आक्रोशित लोगों ने फतेहाबाद मार्ग जाम कर ट्रक पर पथराव कर दिया। परिवारीजन मुआवजे की मांग करते हुए ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया और शव को पीएम का अस्पताल भेज दिया।
लाइन पार थाने के नगला विश्ू निवासी अरविंद कुमार यादव पुत्र सुरेश चंद्र यादव शनिवार को अपने नाना होतीलाल, दोस्त रामसेवक और एक रिश्तेदार के साथ बाइकों से बहन सीमा के लिए मटसेना के गांव दतावली में लड़का देखकर लौट रहा था। एक बाइक पर अरविंद और उसका साथी रामसेवक थे, वहीं दूसरी बाइक पर अरविंद के नाना अपने एक रिश्तेदार के साथ सवार थे। थाना दक्षिण क्षेत्र के फतेहाबाद मार्ग स्थित गांव बासठ के समीप पीछे से आ रहे ट्रक ने अरविंद की बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामसेवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा होते ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग गया। घटनास्थल पर एकत्रित लोगों ने घायल को अस्पताल भेजा, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया। इधर, युवक की मौत की खबर पर परिवारीजनों में कोहराम मच गया और वे घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित परिवारीजनों ने लोगों के साथ मिलकर आसफाबाद-फतेहाबाद मार्ग जाम कर दिया। वे चालक की गिरफ्तारी के साथ मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना पर कोतवाल दक्षिण पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। कोतवाल दक्षिण का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।