गुरुवार रात बदमाशों ने भीमनगर स्थित पेंट विक्रेता अजय जाटव के मकान के
ताले तोड़ दिए। बदमाश लाखों की नकदी और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
घटना की जानकारी पीड़ित को देर रात हो सकी, जब वह शादी समारोह से भाग लेकर
परिवार के साथ लौटे।
अजय जाटव का भीमनगर स्थित मैन रोड पर दुमंजिला
मकान है। मकान के नीचे बनी दुकानों में वह पेंट का थोक का कारोबार करते
हैं। गुरुवार को अजय के फुफेरे भाई डा. डीपी सिंह की बेटी दीक्षा का शादी
समारोह कोटला चुंगी स्थित एक मैरिज होम में था। घर का ताला लगा कर वह
परिवारीजनों के साथ वह मैरिज होम चले गए। रात करीब दो बजे अजय घर लौटा तो
मकान के ताले टूटे थे। उन्होंने शोरगुल किया तो आसपास के लोग पहुंच गए।
सूचना पर पुलिस आ गई। अजय ने बताया कि चोर तीन लाख रुपये की नकदी, पांच
किलो चांदी और 30 तोले सोने के आभूषण ले गए हैं। चोरी गए माल की कीमत करीब
15 लाख रुपये है। थानाध्यक्ष दक्षिण का कहना है कि चोरों की गिरफ्तारी कर
घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।