शिकोहाबाद। पुत्र की बरामदी और उसके दोस्तों पर हत्या की आशंका की तहरीर लेकर एक पीड़ित पिता दो थानों के बीच फंस कर रह गया है। बीते दस दिनों से वह दोनों थानों के चक्कर लगा रहा है, लेकिन कहीं भी उसकी एफआईआर दर्ज नहीं हो रही है। पीड़ित ने आरोपी युवकों से पूछताछ कर उसके पुत्र का शव बरामद कराने की गुहार लगाई है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला काजी टोला निवासी दिनेश चंद्र शर्मा पुत्र रमेश चंद्र ने थाने में तहरीर दी है। इसमें उसने कहा है कि 10 मार्च को उसके पुत्र को मोहल्ले का ही युवक राजेश शर्मा अपने साथ ऑटो में बैठाकर ले गया था। काफी देर तक जब पुत्र घर नहीं लौटा तो उसने तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। दूसरे दिन 11 मार्च को सुबह पांच बजे राजेश उनके घर पहुंचा और कहा कि आपका बेटा यमुना में नहाते समय डूब गया है। पीड़ित परिवार के साथ बटेश्वर पहुंचा और बाह थाना पुलिस से जानकारी की तो पुलिस ने यमुना में डूबने की बात से इंकार किया। उसने यमुना में तलाश कराई, लेकिन सफलता नहीं मिली। आज दस दिन बीत जाने के बाद भी उसका कहीं कोई पता नहीं चला है।
पीड़ित पिता ने आशंका व्यक्त की है कि उसके बेटे की हत्या कर शव कहीं छिपा दिया गया है। लेकिन शिकोहाबाद और बाह थाना की पुलिस इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद मलिक ने बताया कि पीड़ित के कहने पर तीनों आरोपियों से थाना बुलाकर पूछताछ कर ली गई है। घटना बाह थाना क्षेत्र की है। पीड़ित को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है, लेकिन पीड़ित थाने पर मुकदमा दर्ज कराने की जिद कर रहा है।