फिरोजाबाद ! जाटवपुरी चौराहे पर हुई घटना के बाद जैन मंदिर चौराहे पर एकत्रित भीड़ से बात करती पुलिस
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। हाईवे पर सोमवार दोपहर करीब तीन बजे चेकिंग के दौरान गाड़ी नहीं रोकने पर पुलिस ने पीछा कर सुभाष तिराहे पर बोलेरो को रोक लिया। इस दौरान कार सवारों और पुलिस की नोंकझोंक हुई। बाद में कुछ लोगों ने मामले को शांत कराया। पुलिस ने कार का चालान कर एक युवक को हिरासत में ले लिया।
जाटवपुरी चौराहे के समीप ट्रैफिक पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी शिकोहाबाद की ओर से आ रही हरियाणा नंबर की बोलेरो को पुलिस ने रुकने का इशारा किया लेकिन कार चालक ने कार को न रोककर हाईवे पर दौड़ाना शुरू कर दिया। चालक द्वार कार को हाईवे पर भगाता देखकर ट्रैफिक पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। कंट्रोल रूम की सूचना पर चौराहों पर तैनात पुलिस अलर्ट हो गई और सुभाष तिराहे पर कार को रोक लिया।
इस बीच कार का पीछा करती आ रही ट्रैफिक पुलिस भी पहुंच गई लेकिन तब तक चालक बोलेरो छोड़कर भाग गया। कार में सवार लोगों से पुलिस ने पूछताछ कर तलाशी ली लेकिन कार सवार लोगों के पास कुछ नहीं मिला। थानाध्यक्ष रसूलपुर कमलेश सिंह का कहना है कि पुलिस ने बोलेरो को चेक करने के लिए रोका था लेकिन चालक द्वारा बोलेरो को न रोककर हाईवे पर दौड़ाना शुरू कर दिया था। उसे सुभाष तिराहे के समीप से पकड़ लिया गया। एक युवक को हिरासत में लिया गया है। कार का चालान कर छोड़ दिया है। पकड़े गए युवक के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जाएगी।