जसराना। कस्बे के मोहल्ला कूंचा निवासी विजय कुमार उर्फ मनु का शव तीन दिन बाद गंगा नदी में मिलने से कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। मनु कस्बे में मेडिकल स्टोर संचालित करते थे।
परिजन के अनुसार विजय कुमार उर्फ मनु 9 मई को मोहल्ले के पूर्व अध्यापक बसंत वर्मा की अंत्येष्टि में शामिल होने कस्बा के लोगो के साथ कछला घाट गए थे। अंत्येष्टि के दौरान ही वह संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गए। परिजन और कस्बा के लोग घाट पर ही देर रात तक तलाश करते रहे। नहीं मिलने पर जसराना लौट आए। अगले दिन भी मनु घर न लौटने पर परिजन ने उनकी तलाश शुरू की,लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद चौकी कछला में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मृतक के भाई डोली वर्मा ने बताया कि मनु के लापता होने के बाद से ही पुलिस के साथ निजी गोताखोरों और स्टीमर की मदद से लगातार गंगा नदी में तलाश की जा रही थी। सोमवार की सायं कछला घाट से कादर चौक की ओर करीब सात किलोमीटर दूरी पर गंगा नदी में उनका शव मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।