एका (फिरोजाबाद) के भोगनीपुर ब्रांच नहर में बृहस्पतिवार को नहाते समय डूबे हाथरस के युवक जितेंद्र (21) का शव करीब 16 घंटे बाद शुक्रवार तड़के पानी की सतह पर तैरता हुआ मिला। हाथरस के थाना हसायन अंतर्गत ग्राम बरसामई निवासी जितेंद्र बुलंदशहर में काम करता था और अपनी बहन मंजू देवी के घर ग्राम पिलख्तर जैत (थाना फरिहा) आया हुआ था। बृहस्पतिवार दोपहर वह दोस्त के साथ नगला भजन पुल पर नहर में नहाने गया था, जहां पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम जसराना राजेश शुक्ला, सीओ प्रेमप्रकाश पांडेय और थाना प्रभारी संजुल पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने सिंचाई विभाग की मदद से नहर का पानी कम कराया और आगरा से विशेष गोताखोरों की टीम बुलाई। शुक्रवार को जब टीम नहर में उतरने की तैयारी कर रही थी, तभी एक किसान को जितेंद्र का शव पानी में दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।