टूंडला। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे रिंग रोड स्थित यमुना पुल से छलांग लगाने वाले आगरा के युवक का शव सात दिन बाद मंगलवार को थाना नगला सिंघी क्षेत्र में बरामद हुआ। वह फोटोग्राफर था।
आगरा के देवरी रोड स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय राहुल वर्मा ने पत्नी से हुए विवाद के बाद 14 जनवरी लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे की रिंग रोड पर पुल से यमुना नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से ही आगरा पुलिस और गोताखोर लगातार यमुना में युवक की तलाश कर रहे थे, लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रामगढ़ और गदलपुरा के बीच मंगलवार दोपहर यमुना किनारे ग्रामीणों ने एक शव देखा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान राहुल वर्मा के रूप में हुई। सात दिन तक पानी में रहने के कारण शव काफी क्षत-विक्षत हो चुका था। सूचना मिलते ही राहुल के परिजन मौके पर पहुंच गए। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजन शव को अपने साथ ले गए। थानाध्यक्ष पारुल मिश्रा ने बताया कि घटना आगरा के बमरौली कटारा क्षेत्र में हुई थी, इसलिए परिजन आगरा में ही पोस्टमार्टम कराना चाहते थे। शव को परिजन को सौंप दिया गया है।