जसराना तहसील का निरीक्षण करते हुए डीएम रमेश रंजन
जसराना। जिलाधिकारी रमेश रंजन ने तहसील और नगर पंचायत का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर पंचायत परिसर में महापुरुषों की प्रतिमाओं के पास गंदगी और उनकी दुर्दशा देख डीएम ने अधिशासी अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और 24 घंटे के भीतर साफ-सफाई व रंग-रोगन कराने का अल्टीमेटम दिया। तहसील में राजस्व वसूली की खराब प्रगति और प्रशासनिक शिथिलता पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने दो रजिस्ट्रार-कानूनगो, सुशील कुमार व नेत्रपाल सिंह को चार्जशीट देने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीएम ने रैन बसेरों में समुचित सुविधाओं की जांच की और दो राजकीय इंटर कॉलेजों में पुस्तकालय स्थापित करने के आदेश दिए। साथ ही मोहल्ला टीकतपुरा स्थित प्राचीन महादेव मंदिर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता परखी और कार्यदायी संस्था को समय सीमा में काम पूरा करने की हिदायत दी। इस मौके पर एडीएम विशु राजा और एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।