थाना रामगढ़ क्षेत्र के महादेव नगर पुलिया के पास हुआ हादसा, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के महादेव नगर पुलिया के पास मोहिनी टेंट के सामने शनिवार सुबह नाले में एक लोडिंग टेंपो चालक का शव पड़ा मिला। जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची।
मोहल्ला ठारपूठा थाना रामगढ़ निवासी जितेंद्र (35) लोडिंग ऑटो किराए पर चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह शुक्रवार सुबह काम की बोलकर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजन को चिंता सताने लगी। परिजन ने उसे इधर-उधर काफी ढूंढा, लेकिन कहीं पर कोई पता नहीं चला। शनिवार सुबह उसका शव महादेव नगर पुलिया के पास मोहिनी टेंट के सामने नाले में पड़ा दिखा। राहगीरों ने नाले में शव पड़ा होते देख पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वह अपने पीछे पत्नी ज्योति के अलावा एक बेटा और दो बेटी को रोते-बिलखते छोड़ गया है। मौसा रामधनी ने बताया कि वह किराए पर लोडिंग ऑटो चलाता था। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नाले में पड़े मिले युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।