फिरोजाबाद। नगर निगम बोर्ड की 5वीं बैठक बुधवार को जीवाराम हॉल में हुई। बोर्ड ने लगभग 151 करोड़ की लागत वाले दो दर्जन नवीन कार्यों को ध्वनिमत से अनुमोदन दे दिया। बोर्ड बैठक के दौरान पूर्व में स्वीकृत करीब 77 करोड़ की लागत वाले कार्यों की समीक्षा भी हुई। हालांकि करीब दो घंटे चली बैठक की शुरुआत हंगामा से हुई। सपा समर्थित पार्षदों ने सांसद प्रतिनिधि को मंच पर स्थान देने की बात रखी, लेकिन उसे नियमानुसार खारिज कर दिया गया। इसके साथ ही सपा पार्षद सदन से बहिष्कार कर गए। बुधवार को नगर निगम बोर्ड की 5वीं बैठक जीवाराम हॉल में आयोजित की गई। करीब 11 बजे बैठक की शुरुआत में ही सांसद प्रतिनिधि को महापौर एवं उपसभापति के साथ डायस पर बैठने के मुद्दे पर सपा व भाजपा पार्षदों में जमकर तड़का-भड़की हुई। सपा पार्षद के साथ इस बार खास बात यह हुई कि एकाएक सांसद प्रतिनिधि का पत्र लेकर स्वयं कमलेश यादव पहुंचे। वह खुद को सांसद प्रतिनिधि होने के कारण मंच पर बैठने की मांग पर अड़े थे। उपसभापति ने नियमों का हवाला दिया कि सांसद प्रतिनिधि को मंच पर रहने का अधिकार नहीं है। सिर्फ सांसद को ही बैठने का अधिकार होता है, लेकिन सपा समर्थित पार्षद अपनी बात पर अड़े रहे।
काफी देर चली बहस के बाद महापौर ने डायस से अनाधिकृत व्यक्तिओं को सदन से बाहर जाने को कहा। इसके बाद सांसद प्रतिनिधि व सपा समर्थित पार्षद सदन से बर्हिगमन कर गए। इसके बाद करीब दो घंटे चली सदन की कार्रवाई के दौरान बोर्ड ने लगभग 151 करोड़ की लागत वाले नवीन कार्यों पर अनुमोदन की मुहर लगा दी। हालांकि इस दौरान पूर्व में स्वीकृत करीब 77 करोड़ की लागत वाले प्रस्तावित कार्यों पर भी चर्चा हुई। जिसमें पार्षदों ने अपने सुझाव व विचार रखे। बोर्ड बैठक का संचालन नगर आयुक्त घनश्याम मीणा ने किया। बोर्ड बैठक में निर्माण, जलकल, प्रकाश, कर विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बोर्ड बैठक में पार्षदों ने प्रमुखता से उठाए मुद्दे
-स्ट्रीट लाइटों के संचालन, मरम्मत में लापरवाही पर ईसीएल कंपनी पर कार्रवाई की मांग।
-नालों की सफाई कार्य की जांच की मांग।
-अधिकारियों पर पार्षदों की बात को तवज्जों नहीं देने का आरोप।
-सीएम ग्रिड योजना के तहत प्रस्तावित कोटला चुंगी-पुराना डाकघर चौराहा तक सड़क नवीनीकरण का दायरा बढ़ाने की मांग।
तीन सफाई कर्मियों की मांग पर अड़े भाजपा पार्षद
बैठक के अंतिम चरण में भाजपा पार्षदों ने प्रत्येक वार्ड में एक के स्थान पर तीन-तीन अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की मांग की। नियमों का हवाला देते हुए नगर आयुक्त ने इस पर बाद में चर्चा की बात कही। लेकिन भाजपा पार्षद अपनी जिद में अड़े रहे। हालांकि महापौर ने अगली बैठक से पूर्व आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन देकर पार्षदों को शांत किया।
नजूल की भूमि पर संचालित स्कूल के बारे में हुई तीखी चर्चा
बोर्ड बैठक में नजूल की भूमि पर संचालित एक स्कूल पर टैक्स निर्धारण नहीं किये जाने के मुद्दे पर तीखी बहस हुई। कुछ भाजपा पार्षदों का कहना था कि निगम के करीब स्थित एक स्कूल सरकारी भूमि पर संचालित है। निजी तौर पर संचालित स्कूल में छात्र-छात्राओं पर हर साल फीस का बोझ बढ़ा दिया जाता है। निगम को स्कूल पर टैक्स अधिरोपित करना चाहिए। इस मुद्दे पर निगम प्रशासन शासन से पत्राचार करने का आश्वासन नगर आयुक्त की ओर से दिया गया।
पटल पर रखे नवीन कार्य, हुई चर्चा
अर्बन प्लाजा, वर्किंग वूमेन हॉस्टल, स्ट्रीट लाइट एकीकृत सिस्टम, पार्कों में ओपन जिम की स्थापना, सड़क, फुटपाथ, पौधरोपण कार्य, जल निकासी को नवीन नाला निर्माण, स्वच्छता, पर्यावरण एवं जल संरक्षण को स्पेशल टास्क फोर्स तैयार करने, बहुउद्देश्यीय खेल सुविधाएं विकसित, कल्याण मंडप और सफाई, जलापूर्ति, निर्माण व प्रकाश व्यवस्था के लिए मानव संसाधन एवं मशीनीकरण का कार्य।