चुनावी व्यवस्था की प्रमुख जिम्मेदारी संभालने वाले बीएलओ अब हाईटेक किए जाएंगे। इसके लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें उन्हें चुनाव मैनेजमेंट की बारीकियां समझाई जाएंगी। यही नहीं सभी बीएलओ का साक्षात्कार भी किया जाएगा। इसमें उनके वार्तालाप से लेकर कार्यप्रणाली के संबंध में प्रश्न पूछे जाएंगे। साक्षात्कार में खरा न उतरने वाले बीएलओ पर कार्रवाई भी की जाएगी।
सदर तहसील में सोमवार को फीरोजाबाद विधानसभा क्षेत्र से जुड़े सभी बीएलओ की समीक्षा बैठक बुलाई गई। तहसीलदार जीत सिंह रॉय ने समीक्षा बैठक में 80 प्रतिशत बीएलओ द्वारा कार्य में रुचि न लेने, दावे आपत्तियां जमा न करने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि फीरोजाबाद तहसील को आईएसओ का दर्जा दिलाने के प्रयास चल रहे हैं। ऐसे में सभी बीएलओ को हाईटेक बनाया जाएगा। बीएलओ को चुनाव मैनेजमेंट के तरीके सिखाए जाएंगे और विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
तीन दर्जन से अधिक बीएलओ रहे अनुपस्थित
सदर तहसील में फीरोजाबाद विधानसभा से जुड़े बीएलओ की बैठक में तीन दर्जन से अधिक बीएलओ अनुपस्थित रहे। तहसीदार सदर जीत सिंह ने अनुपस्थित बीएलओ को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि सभी बीएलओ तत्काल प्राप्त दावे और आपत्तियां उपलब्ध कराएं, जिससे उनकी फीडिंग कराई जा सके।