फिरोजाबाद। नगर निगम में नामित किए पार्षदों को लेकर भाजपा में घमासान मचा हुआ है। कुछ नाम ऐसे हैं, जो हाल ही में पार्टी से जुडे़ हैं और उन्हें पुराने कार्यकर्ताओं को पीछे छोड़ कर पार्षद बना दिया गया। सूची जारी होने के बाद से यह विरोध सोशल मीडिया पर खूब चल रहा है। बृहस्पतिवार को पार्टी के जिला कार्यालय पर हुई बैठक में इसको लेकर खूब हंगामा हुा। विरोध में ‘मठाधीशों की तानाशाही नहीं चलेगी नहीं चलेगी...माठाधीशों की मनमानी नहीं चलेगी...नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए।
भाजपा जिला कार्यालय में बजट पर चर्चा को लेकर हुई बैठक में मुख्य वक्ता आगरा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया मौजूद थे। तभी कुछ कार्यकर्ता मंच की ओर बढ़े और हंगामा करने लगे। कार्यकर्ता दीर्घा से भी शोर-शराबा शुरू हो गया। उनका कहना था कि जो वर्षों से पार्टी के लिए मेहनत कर रहे हैं उन्हें पार्षद न बना कर ऐेसे लोगों को पार्षद बना दिया है जो हाल ही में पार्टी से जुडे़ हैं।
ऐसे लोगों ने पार्टी के लिए कोई काम नहीं किया है। प्रमुख नेताओं के कृपा पात्र बने रहे और पार्षद बना दिए गए। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जिन लोगों पर संगठन में महत्वपूर्ण दायित्व हैं उन्हें भी पार्षद बना दिया है।
सोशल मीडिया पर जमकर किया जा रहा विरोध
सोशल मीडिया पर कार्यकर्ता जमकर विरोध कर रहे हैं। तल्खी भरी पोस्ट की जा रही हैं। निशाने पर भाजपा के एक वरिष्ठ नेता हैं। माना जा रहा है कि नामित पार्षदों की सूची उन्हीं के आवास से फाइनल हुई और शासन को भेजी गई।
कुछ कार्यकर्ताओं को नामित पार्षदों के नाम पर आपत्ति है। उन्होंने अपना विरोध जताया है। कार्यकर्ताओं को समझा दिया गया है कि उनकी बात पार्टी हाईकमान तक पहुंचाई जाएगी। पूरी बैठक विधिवत तरीके से चली और बजट पर चर्चा हुई।
राकेश शंखवार, महानगर अध्यक्ष भाजपा
कुशवाहा समाज ने लगाया उपेक्षा का आरोप
भारतीय कुशवाहा क्षत्रिय महासभा की बैठक प्रदेश अध्यक्ष रामदास कुशवाहा की आवास पर हुई। अध्यक्षता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामप्रकाश कुशवाहा ने की। नगर निगम व विकास प्राधिकरण में कुशवाहा समाज के किसी भी व्यक्ति को नामित न किए जाने पर रोष जताया गया। मिजाजीलाल कुशवाहा ने कहा कि कुशवाहा समाज की उपेक्षा भाजपा कर रही है। नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 70 सीटों में से मात्र एक सीट ही कुशवाहा समाज को दी थी। इस दौरान राज बहादुर कुशवाहा, विनोद कुशवाहा, देवीराम कुशवाहा, होरीलाल आदि मौजूद रहे।