भाजपा ब्रज प्रांत की रविवार को टूंडला में बैठक हुई। इसमें चुनाव जीतने का रोडमैप तैयार किया गया। ब्रज क्षेत्र की दलित बाहुल्य सीटों पर भाजपा की नजर है। इसके लिए भाजपा ने बरेली, हाथरस और आगरा में दलित सम्मेलन करने की कार्ययोजना तय की है।
टूंडला के सत्कार मैरिज होम में आयोजित भाजपा ब्रज प्रांत की बैठक में संगठनात्मक के बजाय चुनाव पर अधिक चर्चा हुई। बैठक में आगरा, मथुरा, फीरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बरेली जिलों के पदाधिकारी, चुनाव प्रभारी मौजूद रहे। ब्रज क्षेत्र में भाजपा ने 13 जिले और चार महानगर शामिल किए हैं। इन क्षेत्रों में कुल 65 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। बैठक में दिल्ली के सांसद और यूपी के सह प्रभारी रमेश बिधूड़ी, प्रदेश भाजपा के महामंत्री और ब्रज क्षेत्र प्रभारी अशोक कटारिया, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष बीएल वर्मा और ब्रज प्रांत महामंत्री भवानी सिंह पार्टी पदाधिकारियों से रूबरू हुए। बैठक में ब्रज के कुछ मंडल अध्यक्षों की शिकायत मिली कि वह निष्क्रिय हैं। जिन क्षेत्रों में मंडल अध्यक्ष कमजोर हैं, वहां चुनाव को देखते हुए संयोजक नियुक्त किए जाएंगे। विधानसभा स्तर और जिला स्तर पर 15 जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की टीम का गठन किया गया है। चुनाव की दृष्टि से इन टीमों में व्यवस्था प्रमुख, जनसंपर्क प्रमुख, सभा प्रमुख आदि जिम्मेदारियां दी जाएंगी। चुनावी जिम्मेदारी से जुड़े पदाधिकारियों की कार्यशाला 15 जनवरी को आगरा में होगी। भाजपा की नजर दलित वोट बैंक पर है। इसके मद्देनजर हाथरस, आगरा और बरेली में अनुसूचित जाति के सम्मेलन होंगे। आगरा के सम्मेलन में आगरा, मथुरा, मैनपुरी के कार्यकर्ता भाग लेंगे। हाथरस में अलीगढ़, एटा और कासगंज जिले के कार्यकर्ता शामिल होंगे। बरेली में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के लोग भाग लेंगे। इन सम्मेलनों की तिथियां शीघ्र तय की जाएंगी।