टूंडला (फिरोजाबाद)। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव रामपुर में पांच दिन से मकान के सहारे टिके टूटे खंभे के तारों में दौड़ रहे हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से भाजपा के रामपूर बूथ के अध्यक्ष अंशू उपाध्याय (24) की मौत हो गई। परिजन ने सात घंटे तक शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। एसडीएम अनुराधा सिंह द्वारा पीड़ित परिवार की मांग के अनुसार विद्युत निगम के एसडीओ व जेई के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और आर्थिक सहायता दिलाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया। मृतक पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर का था और अविवाहित था।
मृतक अंशू उपाध्याय फिरोजाबाद शहर के एक कांच कारखाने में बिजली फिटिंग का काम करता था। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह किसी काम से अपने घर की छत पर गया था। इसी दौरान वह मकान के सहारे टिके तारों में उतर रहे करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलसकर नीचे गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल आगरा लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। करीब 11:30 बजे शव वापस गांव लाया गया, तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजन व ग्रामीणों ने गांव के मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। एसडीओ योगेंद्र शर्मा और जेई राजेंद्र सिंह के खिलाफ तत्काल निलंबन और एफआईआर की मांग शुरू कर दी। सूचना पर नगला सिंघी और टूंडला थाने का फोर्स पहुंचा। मामला संभलता न देख एसडीएम अनुराधा सिंह, सीओ टूंडला अरुण कुमार चौरसिया को बुलाया गया। एसडीएम के समक्ष मृतक के भाई बृजमोहन ने आरोप लगाया कि पांच दिन पहले आई तेज आंधी के कारण बिजली का खंभा बीच से टूटकर उनके मकान के सहारे टिक गया था। इसकी लिखित व मौखिक शिकायत कई बार जेई और एसडीओ से की गई, लेकिन विभाग सोया रहा। भाई का आरोप यह भी है कि हादसे के बाद विद्युत निगम के लाइनमैन और कर्मचारी अपनी गलती छुपाने और साक्ष्य मिटाने के लिए मौके से टूटे तारों को काटकर भाग गए।
ग्रामीणों को समझाने जमीन पर ही बैठ गईं एसडीएम
तनावपूर्ण माहौल के बीच ग्रामीणों और परिजन के उग्र रूप को देखते हुए एसडीएम टूंडला अनुराधा सिंह ने कुर्सी पर बैठने के बजाय पीड़ित परिवार के साथ जमीन पर ही बैठ गईं। उन्होंने परिजन के आंसू पोंछे और ढांढस बंधाते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सांत्वना देने पहुंचे नेता
मौके पर भाजपा के पूर्व विधायक शिव सिंह चक, समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता महाराज सिंह धनगर सहित भारी संख्या में दोनों दलों के कार्यकर्ता और नेता पहुंचे। विद्युत विभाग के लापरवाह अफसरों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। इधर, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने बताया गांव में आज पार्टी पदाधिकारी जााएंगे। साथ ही घटना से डीएम को अवगत करा दिया है। आर्थिक मदद की मांग की गई है।
परिजन की मांग थी कि दोषी बिजली अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए। उन्हें नियमों के तहत निष्पक्ष जांच और हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है। शनिवार को गठित जांच कमेटी अपनी रिपोर्ट देगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
- अनुराधा सिंह, एसडीएम टूंडला
घटना के संबंध में विद्युत सुरक्षा निदेशालय की टीम को अवगत करा दिया है। टीम मौके पर आकर जांच करेगी कि इस मामले में किसकी लापरवाही रही। उक्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- योगेश शर्मा, एसडीओ ग्रामीण टूंडला