शुक्रवार को विद्युत मेंटीनेंस का कार्य किया गया।
विद्युत विभाग द्वारा हाईवे पर 33 केवी की लाइन बनाने का काम शुक्रवार को दिनभर चला। इसके चलते आधे शहर में दिनभर बिजली संकट रहने से हर कोई परेशान दिखा। सरकारी, प्राइवेट कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा।
विद्युत विभाग द्वारा आसफाबाद से लेकर रसूलपुर, जाटवपुरी, नगला बरी, कोटला चुंगी, जलेसर रोड से एनएस बिजलीघर तक 33 केवी की लाइन बदलवाने का कार्य कराया जा रहा है। विभाग द्वारा 10 से पांच रोस्टर जारी किए गए हैं लेकिन पालन नहीं हो रहा। बुधवार को रोस्टर से तीन घंटे से अधिक बिजली गुल रही। बिजलीघरों के फोन घनघनाते रहे। ऐसे में अफसरों ने फोन भी बंद कर लिए। शुक्रवार सुबह 11 से पांच बजे तक शटडाउन लिया गया लेकिन शाम छह बजे तक शट डाउन समाप्त नहीं किया गया। शट डाउन के कारण सुहाग नगर, गांधीपार्क, एसएन फीडर से जुड़े चार दर्जन से अधिक मोहल्लोें में बिजली दिनभर गुल रही। बिजली के अभाव में लोग सड़क व खड़ंजों पर बैठे नजर आए। सरकारी, प्राइवेट कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। बिना लाइट के अधिकारी, कर्मचारी भी काम करने में असहज दिखे। शहर में घंटों तक जेनरेटर धड़धड़ाते रहे। एसडीओ सचिन गुप्ता ने बताया कि हाईवे के साथ एसएन बिजलीघर पर भी मेंटीनेंस कार्य चल रहा है। सभी उपकरणों को बदलवाया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति मिल सके।