जसराना। मुस्तफाबाद-शिकोहाबाद रोड पर कंटेनर की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।
थाना एका क्षेत्र के गांव पैढ़त निवासी 25 वर्षीय रोहित पुत्र रघुवीर सिंह दिल्ली में मिठाई की दुकान करता था। दिवाली पर वह अपने घर आया था। शुक्रवार की शाम उसे दिल्ली जाना था। रोहित को शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन तक छोड़ने के लिए बाइक से उसके चचेरे भाई सौरभ एवं रविंद्र जा रहे थे। थाना जसराना के शिकोहाबाद-मुस्तफाबाद मार्ग के मोहिनीपुर के पास शिकोहाबाद की तरफ से आ रहे कंटेनर ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। इससे रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सौरभ व रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। जानकारी मिली तो पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। रोहित के शव को देख परिवार में चीख पुकार मच गई। थाना प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्रा ने बताया कंटेनर की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई है, जबकि दो घायल हो गए हैं। कार्रवाई की जा रही है।