संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र सुहागनगर पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर बृहस्पतिवार देर शाम पल्सर बाइक सवार ने पैदल जा रही महिला से मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके बाद दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गई है। आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल, घटना में इस्तेमाल बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है।
मुरली नगर निवासी नैमा देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह पैदल बाजार से घर की ओर जा रही थीं। तभी मंदिर वाली पुलिया पर पीछे से आए पल्सर बाइक पर दो बदमाश उनका मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। सीसीटीवी कैमरे खंगालते हुए पुलिस ने शिवम निवासी संतनगर, लाइनपार और हिमांशु निवासी राजपूताना को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के पास से लूटा गया मोबाइल, घटना इस्तेमाल बाइक के साथ दो तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपी हिमांशु पर पूर्व में भी दो मुकदमा दर्ज हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना का महज कुछ ही घंटे में अनावरण करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। दोनों को जेल भेज दिया है।