एटा रोड पर गढ़ी उत्तम के निकट रविवार सुबह असंतुलित कार ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक से टकराने के बाद कार हाईटेंशन लाइन के विद्युत खंभे से टकरा गई। कार की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। वहीं विद्युत खंबा टूटकर सड़क पर आ गिरा। गनीमत रही घटना के दौरान सड़क पर अन्य वाहन नहीं थे अन्यथा गंभीर हादसा होता। घटना के बाद कार छोड़ महिला सहित अन्य लोग भाग गए। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया।
थाना नारखी के गांव नगला सिकंदर निवासी ओमप्रकाश उर्फ भोला (30) पुत्र रामदास रविवार सुबह 9.30 बजे करीब रिजावली चौराहे से अपनी बाइक से घर लौट रहा था। गांव उत्तमगढ़ी के निकट टूंडला की ओर से जा रही कार ने स्पीडब्रेकर से छलांग लगाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक से टकराने के बाद कार हाईटेंशन लाइन के विद्युत खंभे से टकरा गई। इससे खंभा टूटकर गिर पड़ा। घटना को देख कार सवार लोग घबरा गए और कार को मौके पर ही छोड़ पीछे चल रही अन्य कार में सवार होकर भाग गये। मौके पर पहुंचे लोगों ने गंभीर घायल ओमप्रकाश को आगरा अस्पताल भिजवाया। साथ ही हाइवे पर जाम लगाते हुए हाईटेंशन विद्युत लाइन को कटवाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाते हुए विद्युत विभाग को मामले से अवगत कराया और टूटे खंभे को बदलवाने का काम शुरू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार को महिला चला रही थी। घटना के बाद वह बुरी तरह घबराई हुई थी। गनीमत रही हाईटेंशन तारों के सड़क पर गिरने के दौरान अन्य वाहन नहीं थे, अन्यथा गंभीर हादसा होता। वहीं अस्पताल में घायल ओमप्रकाश की हालत गंभीर बनी हुई है।
फोटो-टूंडला-एटामार्ग पर दुर्घटना के बाद टूटे खंबे को हटाने की जद्दोजहत करते विद्युतकर्मी व अन्य-1