भाजपा किसान मोर्चा ने शनिवार को तहसील पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार पर वायदा खिलाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान इसका जवाब 2017 में देंगे। उन्होंने पत्रकारों पर हमले को सपा की गुंडगर्दी एवं लोकतंत्र का हनन बताया। अंत में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अमित सिंह को सौंपा।
भाजपा किसान मोर्चा के बृजक्षेत्र महामंत्री डा. सत्यपाल सिंह राजपूत के संयोजकत्व में तहसील के सामने सहकारी बैंक पर धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद पचौरी ने कहा कि प्रदेश की जनता सपा शासन में त्राहि-त्राहि कर रही है। वर्तमान सरकार में गुंडाराज है। डा. सत्यपाल सिंह राजपूत ने कहा कि किसानों को मुआवजा राशि को बांटने में भेदभाव किया जा रहा है। कुछ गांवों के किसानों को चैक दिए गए और अधिक हानि वालों को फूटी कौड़ी तक नहीं मिली। बिजली की किल्लत से किसान परेशान है। शेर सिंह राजपूत, राजीव गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों एवं किसानों के उत्थान के लिए योजनाओं का संचालन कर रही है और प्रदेश सरकार शोषण कर रही है। अधिवक्ता सत्यपाल सिंह यादव ने कहा कि थानों एवं तहसीलों पर सपा के गुंडों का कब्जा है। धरना को नेम सिंह, राजेश चौहान, गुलाब सिंह, मुनेंद्र चौहान ने संबोधित किया। अंत में एसडीएम अमित सिंह को दस सूत्रीय ज्ञापन दिया। किसानों के साथ भेदभाव रोकने, मुआवजा दिलाने, रोस्टर ेेके हिसाब से बिजली आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, पेयजल संकट एवं खाद बीज की किल्लत को दूर करने पत्रकारों पर हमले रोकने, माइनर एवं टेलों में पहुंचाने की मांग की गई। प्रदर्शन की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष त्रिलोकीनाथ शर्मा, संचालन विशेष यादव ने किया। धरने में डा. उम्मेद सिंह राजपूत, जगदीश राजपूत भाटिया, पूरन सिंह लोधी, दयाराम, वेद सिंह, विकास राजपूत, केके शर्मा आदि मौजूद रहे।