टूंडला। फिरोजाबाद सर्विस रोड पर बाइक सवार व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भिजवाया है। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया।
घटना रविवार शाम 7:45 बजे करीब की है। 35 वर्षीय एक व्यक्ति टूंडला सुभाष चौराहे से फ़िरोज़ाबाद सर्विस रोड फिरोजाबाद की ओर जा रहा था। उसकी बाइक गुलाब वाटिका के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार की पहचान करने का प्रयास किया, किंतु पहचान नहीं हो सकी। बाइक थाना दक्षिण के अजय गुप्ता (35) निवासी बड़ी छपैटी, फिरोजाबाद के नाम पर है। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह का कहना है कि सरकारी ट्रामा सेंटर में पहुंचने के साथ चिकित्सक ने घायल अजय गुप्ता को मृत घोषित कर दिया है। बाइक में टक्कर मारने वाली कार की तलाश की जा रही है।