road accident. demo pic
- फोटो : सोशल मीडिया
मैनपुरी के बेवर थाना क्षेत्र में इटावा रोड पर बुधवार रात को बाइक सवार सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गए। हादसे में फिरोजाबाद निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई। साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक युवक अपने दोस्त की बहन के शादी कार्यक्रम में शामिल होने आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया।
जनपद फिरोजाबाद के थाना अरांव क्षेत्र के गांव पिड़सरा निवासी 23 वर्षीय यतेंद्र कुमार बुधवार को दोस्त अंकित यादव निवासी गांव नगला ठकुरी बेवर की बहन के शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। उसके साथ भूमिराज निवासी नगला मंगली थाना घिरोर भी था।
देर रात को यतेंद्र इटावा रोड स्थित गेस्ट हाउस से नगला ठकुरी जा रहा था। तभी बाइक नगला केहरी के सामने इटावा रोड पर सड़क पर खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। हादसे में यतेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस यतेंद्र व साथी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर लेकर पहुंची। वहां चिकित्सक ने यतेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
पानीपत में नौकरी करता था यतेंद्र
थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए सड़क हादसे में मृतक यतेंद्र पानीपत में नौकरी करता था। नगला ठकुरी निवासी अंकित से उसकी गहरी दोस्ती थी। एक सप्ताह पहले ही वह शादी का कामकाज संभालने के लिए गांव नगला ठकुरी दोस्त के घर आ गया था। रात को गेस्ट हाउस में किसी सामान की आवश्यकता पड़ने पर वह गांव नगला ठकुरी लेने के लिए जा रहा था। इस दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। मृतक के परिजन ने बताया कि यतेंद्र बेहद मेहनती होने के साथ ही परिवार का ख्याल रखने वाला था। वह तीन भाइयों में बड़ा था। उसके पिता की मृत्यु हो चुकी थी। यतेंद्र की मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।