फिरोजाबाद। बुधवार रात करीब ढाई बजे टापाखुर्द क्षेत्र में 11 हजार लाइन का तार टूट गया। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ। तार टूटने की सूचना मिलते ही सैलई फीडर को बंद कर दिया गया। जिससे सैलई फीडर से जुड़े दर्जनों मोहल्लों मेें रात ढाई बजे से सुबह नौ बजे तक बिजली नहीं आई। बिजली न आने के कारण कई मोहल्लों में पानी का संकट खड़ा हो गया। जिसको लेकर लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। तार ठीक होने के बाद सुबह नो बजे करीब सप्लाई शुरू की गई। तब कहीं जाकर लोगों को गर्मी से निजात मिल सकी।
सैलई फीडर से कोटला रोड पर बसे कई मोहल्लों के साथ ट्रीटमेंट प्लांट को भी बिजली की सप्लाई दी जाती है। रात करीब तीन बजे टापाखुर्द के समीप 11 हजार लाइन का तार अचानक टूट गया। हादसे की जानकारी होते ही क्षेत्रीय लोगों ने विद्युत विभाग को फोन कर सूचना दी। तार टूटने की सूचना पर सैलई फीडर को बंद कर दिया गया। रात तीन बजे बिजली जाते ही लोग गर्मी से परेशान होने लगे। इस बीच सुबह छह बजे मिलने वाली गंगाजल की सप्लाई भी बाधित हो गई। जिसको लेकर क्षेत्रीय लोगों को पानी की दिक्कत का सामना करना पड़ा। सुबह विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तार को ठीक करने के बाद सप्लाई को शुरू कराई। एक्सईएन ग्रामीण विश्वेंद्र चौहान का कहना है कि हाईटेंशन लाइन का तार टूट जाने के कारण रात तीन बजे से सुबह नौ बजे तक फीडर बंद रहा था। जिसके चलते कई क्षेत्रों में बिजली का संकट रहा।