कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद सील की गई दुर्गानगर की गली
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। जिले के वृद्ध की बुधवार रात आगरा में रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वृद्ध का इलाज आगरा के निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी जांच भी आगरा में हुई थी। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 551 हो गई है। हालांकि बुधवार को जनपद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कराई गई जांच में कोई भी पॉजिटिव नहीं मिला। जसराना के मोहल्ला कूचा निवासी 78 वृद्ध का विगत नौ माह से आगरा में उपचार चल रहा है। विगत दिनों तबियत खराब होने पर परिजन वृद्ध को आगरा के निजी अस्पताल ले गए थे।
यहां चिकित्सकों ने वृद्ध की कोरोना की जांच कराई तो बुधवार रात वृद्ध की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। आगरा प्रशासन की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्ध के परिजनों को क्वारंटीन कर दिया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में अभी तक 13 हजार 743 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। इनमें से 12 हजार 440 लोगों की रिपोर्ट आ चुकी है। वर्तमान में जनपद में महज 24 केस एक्टिव हैं। संवाद