बकाएदारों के कनेक्शन काट रहे संविदा कर्मी को पीटा
पीड़ित ने थाने में दी तहरीर, घटना के बाद पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। सिरसागंज उपखंड क्षेत्र के गांव बझेरा बुजुर्ग में बकाएदारों का कनेक्शन काट रहे संविदाकर्मी को शनिवार को स्थानीय लोगों ने पीट दिया। घटना के बाद पुलिस और एसडीओ की मौजूदगी में अभियान चलाया गया और 49 बकाएदारों के विद्युत कनेक्शन काटे गए। कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा।
अवर अभियंता सुमित कुमार ने ग्राम बझेरा बुजुर्ग में बकाएदारों के खिलाफ अभियान शुरू कराया। इसका कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। कनेक्शन को काट रहे लाइनमैन की पिटाई भी कर दी। मामला बढ़ता देखकर विद्युतकर्मियों ने एसडीओ को अवगत कराया। मौके पर पहुंचे एसडीओ धर्मेंद्र राजपूत, अवर अभियंता स्वतंत्र यादव, पुलिस प्रशासन सिरसागंज के साथ मौके पर पहुंचकर एक बार पुन: अस्थाई विच्छेदन का कार्य प्रारंभ कराया। पिटाई के संबंध में प्रभारी अवर अभियंता सुमित कुमार ने थाना सिरसागंज में तहरीर दी है। वहीं मोहम्मदपुर में एक लाख से अधिक के बकाएदार 12 उपभोक्ताओं के मीटर जब्त किए गए। अन्य गांवों में भी 56 कनेक्शन काटे गए।
हरिदासपुर की कटी बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। विद्युत निगम की टीम ने बकाए के कारण हरिदासपुर गांव की बिजली काट दी। इधर, कपावली में 200 घरों की ट्रांसफार्मर से सप्लाई बंद कर दी गई। जेई कयामुद्दीन के नेतृत्व में टीम ने सुबह हरिदासपुर गांव में कैंप लगाया। कोई भी उपभोक्ता बिल जमा करने नहीं आया। ऐसे में पूरे गांव की बिजली काट दी गई। एसडीओ दुष्यंत कुमार ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं। उनकी फिर से जांच कराई जाएगी। जिनका बिल नहीं जमा होगा उनके खिलाफ विद्युत चोरी में एफआईआर दर्ज होगी।
चोरी की बिजली से चल रहा था ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्र
विद्युत विभाग ने शनिवार को शहर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। मोहल्ला काजी कोटला मोहल्ला क्षेत्र में लाल फाटक और हरा फाटक में तीन स्थानों पर विद्युत चोरी से ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटर संचालित होते मिले। इधर, विद्युत चोरी की आशंका पर गली में लगी दो स्ट्रीट लाइट भी उखड़वाई गई। एक्सईएन एके पांडेय ने बताया कि यह अभियान नियमित चलेगा।