देश की शान के लिए मर मिटने वालों में सरदार शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू को कभी नहीं भुलाया जा सकता। उन्होंने अल्प आयु में ही देश की खातिर अपने प्राणों की आहुति देकर इतिहास रचने का काम किया। यह बातें नव युवक संगठन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी ने व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि आज के युवाओं की सोच देश भक्ति न रहकर अपने स्वार्थ की रह गई है। जबकि आज वही समय फिर लौट कर आ रहा है जब इस देश को युवाओं की जरूरत है। सपा लोहिया वाहिनी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शैलेंद्र वाल्मीकि ने कहा कि युवाओं को एकजुट होकर देश सेवा में पीछे नहीं हटना चाहिए। देश की सीमाओं पर पाकिस्तान और चीन जैसे दुश्मन घात लगाए बैठे हैं। ऐसे में युवाओं को हनुमंथ्प्पा की तरह देश की रक्षा के लिए आगे आना होगा। तभी दुश्मन देश को सबक सिखाया जा सकता है। अध्यक्षता कर रहे संगठन अध्यक्ष मोहित कौशिक ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि शहीदों का नमन करने के लिए विभिन्न पार्टियों के नेता उपस्थित हुए। अंबरीश कुलश्रेष्ठ, दिलीप गौड़, कोमल वाल्मीकि, अमित कुमार, मनोज वर्मा, अनुराग सागर, नीरज कुमार, रोहित कौशिक, मोहित, शिवम माहौर आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। संचालन शिवम ने किया।