फिरोजाबाद। थाना लाइनपार क्षेत्र में शुक्रवार शाम पैर फिसलने से नाले में गिरे युवक का शव 16 घंटों के बाद घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर दक्षिण थाना क्षेत्र में मिला। पुलिस ने शव को नाले से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहीं नगर विधायक मृतक के परिजन को सरकारी मदद दिलाने के प्रयास में जुटे हैं। युवक की मौत से परिजन के बीच कोहराम मचा हुआ है। ओमनगर निवासी कन्हैया कुशवाह (25) बेलदारी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बारिश के दौरान शुक्रवार शाम करीब पांच बजे वह घर से बाहर निकला था, तभी ओम नगर की पुलिया के पास खुले पड़े नाले में पैर फिसलने से वह असंतुलित होकर गिर गया। देखते ही देखते तेज बहाव उसे अपने साथ बहाकर ले गया। वहां मौजूद लोग मदद को आगे आते इससे पहले ही युवक तेज बहाव में बह गया था। मामले की जानकारी पर नगर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा सहित थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। पूरी रात पुलिस के साथ नगर निगम की टीम युवक की तलाश में जुटी रही।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे युवक का शव थाना दक्षिण के मुस्ताबाद प्लांट के पास उतराता हुआ मिला है। पुलिस ने युवक के शव को नाले से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जानकारी पर नगर विधायक मनीष असीजा भी पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए थे। उन्होंने परिजन को सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन भी दिया है। इधर युवक का शव मिलते ही पत्नी के साथ परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक के दो बच्चे हैं। थाना दक्षिण प्रभारी योगेंद्रपाल सिंह ने बताया कि मुस्ताबाद प्लांट के पास युवक का शव मिला है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अग्रिम कार्रवाई लाइनपार पुलिस द्वारा की जाएगी।