फिरोजाबाद। दहेज की खातिर ससुरालीजन ने विवाहिता को जमकर पीटा। आरोप है कि मायके में भी उसकी पिटाई की। इसके बाद तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने पति समेत सात के विरुद्ध थाना दक्षिण में मुकदमा दर्ज कराया है। मुहल्ला गढ़ैया निवासी तहजीब बानो ने थाना दक्षिण पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 26 अक्तूबर 2020 को मोहम्मद असलम खान निवासी बड़ागांव, ग्वालियर के साथ हुआ था। निकाह में मिले दहेज से पति, सास मीना, ननद सानू, शबनम, रजिया, देवर अनीस और ननदोई अनीस संतुष्ट नहीं थे। निकाह के बाद से ही वह लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। आए दिन उसे पीटा जाता था। पांच महीने पहले उसे घर से तलाक देने की बात कहकर निकाल दिया।
27 अक्तूबर को ससुरालीजन उसके मायके आ गए। उसके साथ पिटाई की। इसके बाद पति ने किसी भी हाल में न रखने की बात कहते हुए तीन बार तलाक बोला। इसके बाद आरोपी ससुरालीजन भाग गए।