सिरसागंज (फिरोजाबाद)। सिरसागंज के सोथरा सूरजपुर पेट्रोल पंप के पास मंगलवार रात अचानक झाड़ी से निकलकर सड़क पर आए सांड़ से बाइक टकरा गई। हादसे के बाद बैंक कर्मचारी की मौत हो गई। वहीं सांड़ भी मर गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव नगला अतिया निवासी घनश्याम यादव (28) गाजियाबाद स्थित केनरा बैंक में इंफोर्समेंट विभाग में तैनात थे। उनकी मां छोटी देवी की तबीयत खराब थी। वह उन्हें देखने के लिए शनिवार को गाजियाबाद से घर आए थे। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे वह सिरसागंज में एक व्यक्ति के घर से रुपये का तकादा करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान सूरजपुर पेट्रोल पंप के पास एकाएक झाड़ी से निकलकर सांड़ सड़क पर आ गया। अचानक सांड़ के सामने से बाइक सवार टकरा गया।
हादसे में सांड़ मौके पर ही मर गया। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल बैंककर्मी को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन ने बताया कि दो भाइयों में छोटे घनश्याम की शादी नहीं हुई थी। थाना प्रभारी वैभव कुमार सिंह ने बताया कि सांड़ की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई है। वहीं घटनास्थल पर सांड़ भी मर गया।