फीरोजाबाद में ट्यूशन पढ़ाने जा रहे शिक्षक को तमंचे के बल पर अगवा कर लिया गया। आरोपी द्वारा मारपीट कर उसे दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों के विरोध पर आरोपी ने अध्यापक को छोड़ा। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ला हिमांयूपुर निवासी धर्मवीर सिंह पुत्र द्वारिका प्रसाद शनिवार सुबह सात बजे ट्यूशन पढ़ाने जा रहा था। घर से कुछ ही दूर पहुंचने पर मोहल्ले के ही मुकेश ने उसे रोक लिया और ट्यूशन पढ़ाने का विरोध किया। विरोध करने पर मुकेश ने धर्मवीर को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और अपने घर ले गया। यहां उसके साथ मारपीट की। जानकारी पर पीड़ित के परिवारीजन आरोपी युवक के घर पहुंच गए और घटना का विरोध किया।
मुकेश ने धर्मवीर को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया। इसके बाद पीड़ित ने परिवारीजनों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने पीड़ित से तहरीर लेकर मुकेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष दक्षिण का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।