बिजेंद्र कालोनी निवासी बीसी संचालक लोगों के तीन करोड़ रुपये लेकर फरार हो गया। ठगे गए लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर प्रदर्शन किया।
धौनई थाना नगला खंगर निवासी प्रमोद यादव पुत्र राजवीर सिंह बिजेंद्र कालोनी में अपने छोटे भाई के साथ रहता था। प्रमोद यहां बीसी चलाने के साथ प्लाटिंग व लोगों को ब्याज पर रुपये देने का कार्य भी करता था। उसने कालोनी में अपना दबदबा बना लिया था। बताया जाता है कि प्रमोद कालोनी के लोगों का लगभग तीन करोड़ रुपये लेकर गायब हो गया। लोगों को जैसे ही पता चला कि प्रमोद उनके रुपये लेकर भाग गया है तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। कालोनी के लोगों ने मकान में ताला डाल दिया। इस पर छोटे भाई की पत्नी ने पुलिस से मकान में रखा उसका गृहस्थी का सामान निकलवाने की गुहार लगाई। ठगी का शिकार हुए लोगों ने थाने पहुंच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। शिवराम, राजवीर, रामढकेली, प्रमोद कुमार आदि ने प्रमोद यादव के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ितों का न्यायालय में भी मामला चल रहा है। आरोपी की तलाश की जा रही है।