आंधी-बारिश से 12 पोल टूटे, 30 गांवों की बिजली गुल, टिन शेड उड़ने से दो घायल
मौसम हुआ सुहाना, विशेषज्ञ बोले- खरीफ की फसल के लिए लाभप्रद है वर्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिले में रविवार को आई आंधी-बारिश से मौसम सुहावना हो गया। फारिहा समेत विभिन्न क्षेत्रों में 12 से अधिक पोल टूट गए। इससे 30 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। नगर के भी 12 से अधिक मोहल्लों में चार घंटे से अधिक देर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। नारखी में टीन शेड उड़ने से युवक, फारिहा क्षेत्र में वृद्ध घायल हो गया। आंधी के कारण जगह-जगह होर्डिंग्स टूटकर सड़क पर गिर गए। बारिश से निचले इलाकों में जलभराव भी हो गया। जिससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई।
मौसम के बदलाव का क्रम रविवार अल सुबह से ही शुरू हो गया। रविवार सुबह चार बजे कस्बा फरिहा के मोहल्ला चमनपुरा, सूरजपुरा और थाने के निकट सहित तेज आंधी और बारिश के बीच आठ विद्युत पोल, पेड़ टूटकर गिर पड़े। इससे 20 घंटे तक विद्युत संकट बना रहा। लोग पेयजल के लिए भी तरह गए। रविवार शाम आई आंधी में बछगांव क्षेत्र में दो पोल टूट गए। यहां भी बिजली संकट बना रहा। जेई बलराम गुप्ता ने बताया कि दो पोल को लगवा दिए गए हैं।
वहीं नगर क्षेत्र में रविवार सुबह से दोपहर तक तेज धूप रही और लोग पसीने से तर-बतर दिखाई दिए। दोपहर के बाद अचानक मौसम ने करवट बदल ली। आंधी और फिर बारिश से लोगों को राहत मिली। मौसम के इस बदले अंदाज का हर कोई आनंद लेता दिखा दिया। आंधी के कारण किसी के होर्डिंग्स नीचे गिर गए तो किसी की मकान की छत पर रखी छप्पर उड़ गए। वहीं नई आबादी वाले इलाके रानीनगर,किशन नगर,महादेव नगर के साथ दीदामई,लालपुर एवं किशन नगर जैसे इलाकों में निकलने वाले राहगीरों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। उप निदेशक कृषि प्रसार एचएन सिंह ने कहा कि बारिश फसलों के लिए काफी लाभदायक है। बारिश होने का लाभ खरीफ की फसल की बुआई करने वाले किसानों को होगा।
टूंडला प्रतिनिधि के अनुसार, आंधी-बारिश से क्षेत्र में जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। हवा इतनी तेज थी कि रायल गार्डन पर एक कार अपने आप चलकर नाले में घुस गई। वीआईपी रोड, नगला सिंघी में कई पेड़ टूटकर गिर गए। एटारोड पर पचोखरा थाने से पूर्व हाईटेंशन लाइन का एक विद्युत पोल गिर गया। इससे विद्युत तार भी टूट गए और एटा मार्ग अवरुद्ध हो गया। आंधी बारिश के थमने के बाद विद्युत कर्मियों ने पोल व टूटे तारों को रोड से अलग किया। तब करीब आधे घंटे बाद मार्ग सुचारु हो सका।
फरिहा प्रतिनिधि के अनुसार, थाना फरिहा क्षेत्र के गांव शीतलपुर निवासी तुर्षनपाल (55) खेत पर झोपड़ी में निवास करता है। रविवार दोपहर आई तेज आंधी के बीच उसका टीन शेड उड़ गया और वह घायल हो गया।