जसराना। बार एसोसिएशन अध्यक्ष ओमकार सिंह यादव की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को बार हॉल में अधिवक्ताओं की बैठक की गई।अधिवक्ताओं ने अधिकारियों पर बिना सुने पत्रावलियों को निरस्त करने का आरोप लगाया। मामले में कार्रवाई न होने पर अनशन करने की चेतावनी दी है।
बार एसोसिएशन की बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा भ्रष्टाचार के खिलाफ काफी समय से आंदोलन किया जा रहा है। पूर्व में अधिवक्ताओं की एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला के साथ बैठक हुई थी जिसमें एक सप्ताह में सुधार लाने का आश्वासन दिया गया। आरोप लगाया कि कार्य में सुधार लाने के बजाय एसडीएम न्यायिक, तहसीलदार और तहसीलदार न्यायिक बिना सुने ही पत्रावलियों में आदेश जारी कर रहे हैं। अधिकांश फाइल बिना पक्षकारों को सुने ही खारिज कर दी जाती हैं।
अधिवक्ताओं ने 3 दिसबंर तक न्यायिक कार्य न करने का फैसला लिया है। कहा कि अगर अधिकारियों ने बिना सुने ही फाइलों में आदेश करना जारी रखा तो अनशन किया जाएगा। इस दौरान तहसील के सभी अधिवक्ता मौजूद रहे।