गांव बन्ना में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची
गांव बन्ना में चिकिन पॉक्स फैलने की जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गुरुवार को गांव पहुंची। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण कर मरीजों को दवाएं वितरित की। वहीं गंभीर बीमार मरीजों को सामुुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
गौरतलब है कि गांव बन्ना में चिकिन पॉक्स फैलने के कारण घर-घर चारपाई बिछी है। छोटे बच्चों से लेकर बड़े तक बीमारी की चपेट में हैं। प्रतिदिन मरीजों की संख्या बढ़ने से ग्रामीण भयभीत हैं। वहीं गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम चिकिन पॉक्स की जानकारी पर गांव पहुंची। यहां मरीजों को दवा वितरित की। टीम को जुकाम और बुखार के 19, सांस के पांच, त्वचा रोग के 19 और दस्त के छह मरीज मिले। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डा. संजीव वर्मा ने कहा कि पानी उबाल कर पिएं। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और अपने घर और आसपास गंदगी जमा न होने दें। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डा. नितिन, कृष्णकांत, प्रसून, नरेंद्र शर्मा, हुतेंद्र पाल, शर्मिला देवी आदि शामिल रहीं।