फिरोजाबाद। एचडीएफसी बैंक के फील्ड अफसर को सोमवार रात साढ़े आठ बजे बदमाशों ने गोली मार दी। गंभीर हालत उन्हें सरकारी ट्रामा सेंटर से आगरा रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वारदात बसईमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के खंजापुर गांव स्थित ईंट भट्ठे के पास हुई। मृत शख्स आगरा गेट स्थित शाखा में तैनात था।
बसईमोहम्मदपुर के गाजीपुर गांव निवासी शिवम (25) बाइक से घर जा रहा थे। खंजापुर गांव स्थित ईंट भट्ठे के पास जैसे ही वे पहुंचे, बदमाशों ने पीछे से गोली चला दी। गोली शिवम के कंधे में जा लगी। इससे वह मौके पर ही गिर पड़े। सूचना पर घरवालाें के साथ ही रसूलपुर व बसईमोहम्मदपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। यहां से बैंककर्मी को सरकारी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया।
घरवालों के अनुसार, शिवम की एक माह पूर्व ही नौकरी लगी थी। वारदात के वक्त शिवम बैंक का काम पूरा कर घर जा रहे थे। थानाध्यक्ष बसईमोहम्मदपुर ऋषि कुमार ने बताया कि वारदात में कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है।