फिरोजाबाद। कांच इकाइयों में आते-जाते समय कांच श्रमिकों को विभिन्न बैरियर पर चौराहों पर तैनात पुलिस फोर्स द्वारा पूछताछ के नाम पर परेशान करने के मामले में कांच उद्योग जगत ने उद्योग विभाग के अफसरों से समस्या निदान की गुहार लगाई है। इस संबंध में ग्लास मैन्यूफैक्चर एंड एक्सपोर्ट एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल बृहस्पतिवार को उपायुक्त उद्योग से मिला।
एसोसिएशन के सरवर हुसैन एवं मुकेश बंसल टोनी ने बताया कि ऑटोमैटिक कांच इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को फैक्टरी आते-जाते समय पुलिस कर्मियों द्वारा पूछताछ के नाम पर परेशान किया जा रहा है। ऐसे में कांच श्रमिक रात के समय कारखाने आने-जाने से घबरा रहे हैं। इससे कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। एसोसिएशन ने श्रमिकों की समस्या का स्थायी निदान कराने की मांग की है। एसोसिएशन की ओर से इस आशय की एक प्रति डीएम को भी प्रेषित की गई है।