फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के जमुना नगर (रेहना) में रुपयों के लेनदेन के विवाद में बजरंग दल के प्रखंड संयोजक पर ब्लेड से शुक्रवार रात को हमला किया गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परशुराम कॉलोनी निवासी हिमांशू उर्फ लक्की सविता (प्रखंड संयोजक, बजरंग दल) ने पुलिस में दर्ज कराई प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाले तीन सगे भाई जीतू, बिल्ला और राजू उससे पुरानी रंजिश रखते हैं। पीड़ित के अनुसार, आरोपी बिल्ला को हिमांशू के बड़े भाई ने अपनी गारंटी पर 50 हजार उधार दिलाए थे, जिसे वह वापस नहीं कर रहा है। शुक्रवार रात को जब मोहल्ले की एक दुकान पर खड़ा था, तभी तीनों आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गए। आरोप है कि विवाद करते हुए आरोपियों ने धारदार ब्लेड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने गर्दन पर वार किया। चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह के अनुसार मामले में तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।