फिरोजाबाद। दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बड़ी छपैटी से रविवार सुबह करीब सात बजे गायब हुए किशोर का 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। बालक की तलाश के लिए पुलिस ने आरोपी के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है।
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बड़ी छपैटी निवासी गुलाम मुस्तफा द्वारा दक्षिण थाना पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि 21 मार्च (रविवार) सुबह करीब सात बजे मोहसिन उर्फ मुन्ना उसके पुत्र मोहम्मद अमान को नाश्ता कराने की बात कहकर घर से ले गया। मोहसिन दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कटरा जाटवान वाली गली में निवास करता है। दोपहर तक मोहसिन मेरे पुत्र मोहम्मद अमान को लेकर घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोजबीन की गई। लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। मोहसिन के फोन पर संपर्क किया गया तो वह बंद था। उसके घर जाकर देखा गया तो वह घर पर भी नहीं मिला। पीड़ित की तहरीर पर दक्षिण थाना पुलिस ने आरोपी को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल दक्षिण सुशांत गौर का कहना है कि मोहसिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बालक को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पूछताछ के लिए मोहसिन के परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।