फिरोजाबाद। बाबरी मस्जिद-रामजन्म भूमि मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने वाला है। अमन-चैन बनाने के लिए प्रशासन अलर्ट है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर खास फोकस है। गुरुवार को प्रशासन ने शहर के प्रमुख मस्जिदों के मौलाना और विभिन्न मंदिरों के महंतों के साथ साझा बैठक की। एक मंच पर मौजूद मौलाना और महंतों ने एक सुर में कहा कि सुहागनगरी की कौमी एकता बरकरार रहेगी। सुप्रीम कोर्ट का फैसला सहर्ष स्वीकार किया जाएगा।
जमीअत ए उलमा की ओर से वेलकम पैलेस में शहर के प्रमुख उलेमा एवं प्रमुख मंदिरों के महंतों की बैठक हुई। बैठक में सभी उलेमा और महंतों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय मान्य होना चाहिए। जमीअत ए उलमा के जिला सदर हाफिज उस्मान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह कहा कि हमें अपने शहर का माहौल अच्छा रखना है। जिले के नागरिकों को अपने धर्म गुरुओं की बात माननी चाहिए।
बांके बिहारी मंदिर के महंत मुन्नालाल शास्त्री ने हिंदू-मुस्लिम एकता हमारे देश की पहचान व परंपरा है। दोनों देश की सांझी संस्कृति का अहम हिस्सा हैं। इस संस्कृति को बरकरार रखना हमारी जिम्मेदारी है। राधाकृष्ण मंदिर के महंत विजय उपाध्याय ने कहा कि हम किसी भी सूरत में अपने शहर की फिंजा को बिगड़ने नहीं देंगे।
जमीअत उलमा ए हिंद के जिला महासचिव कारी नईम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसले का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है। मुफ्ती फारुख साहब ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट फैसला सभी देशवासी मानेंगे। बैठक में एसओ रसूलपुर बीबी पांडे, डॉ. जफर आलम आलम एवं शहर के प्रमुख मौलानाओं में मौलाना मैराज, मौलाना नसीम, मौलाना कासिम, मौलाना हसीब उल्लाह, मौलाना दसतगीर, मौलाना इमामुद्दीन, मौलाना अब्दुल्लाह , मौलाना उबैदउल्लाह, मौलाना कारी कैसर, हाजी नईम नवाब, मुहम्मद कदीर, हाफिज सऊद आदि मौजूद रहे।
आज जुमे की नमाज में देंगे भाईचारे का पैगाम
जमीअत उलमा ए हिंद के संरक्षक मौलाना फारूक अली ने कहा कि शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान सभी मौलाना अपनी-अपनी मस्जिदों से अमन चैन और भाईचारा कायम रखने का संदेश देंगे।
विश्व हिंदू परिषद ने की संयम बरतने की अपील
विश्व हिंदू परिषद की बैठक गुरुवार को रमाकांत पचौरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मौजूद पदाधिकारी और वक्ताओं ने कहा कि बाबरी मस्जिद और राम मंदिर मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय सभी को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिषद के शीर्ष नेतृत्व ने सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद पूरी तरह से संयमित रहने की अपील की। महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय जो भी हम सभी उसे मानेंगे। लोगों को समझाने के लिए जगह-जगह बैठकें की जाएंगी। बैठक में निशांत दुबे, महावीर बघेल, सर्वेश दुबे, रविंद्र शर्मा, फजलेंद्र पाराशर, त्रिभुवनेश शर्मा, पारुल शर्मा आदि मौजूद रहे।