स्वच्छता पुरस्कार के लिए 36 स्कूल चयनित
जिले के 1740 स्कूलों ने किया था आवेदन, राज्य पुरस्कार के लिए 12 के भेजे जाएंगे नाम
- परिषदीय स्कूलों के अलावा प्राइवेट एवं एडेड स्कूल भी योजना में शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिले के 36 स्कूलों को स्वच्छता पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। चयनित स्कूलों को जल्द ही जिला स्तर पर डीएम द्वारा सम्मानित किया जाएगा। वहीं, 12 स्कूलों के नाम राज्य पुरस्कार के लिए चयन कर शासन को सूची भेजी जाएगी। जिले में 352 स्कूलों ने स्वच्छता पुरस्कार के लिए आवेदन किया था, इसमें 36 स्कूलों का पुरस्कार के लिए चयन किया गया।
बेसिक शिक्षा विभाग के अलावा अन्य बोर्ड के स्कूलों को प्रतिवर्ष स्वच्छता पुरस्कार दिया जाता है। वर्ष 2022-23 के लिए स्कूलों को पुरस्कार दिया जाना है। गत दिनों जिले के नौ ब्लॉक के 3646 में से 1740 स्कूलों ने स्वच्छता पुरस्कार के लिए आवेदन किया, इसमें 36 का चयन होना था। मगर मानक अधूरे होने के कारण 36 स्कूलों का पुरस्कार के लिए चयन किया गया। जिला समन्यवक अनिल कुमार ने बताया कि स्वच्छता पुरस्कार देने के लिए स्कूलों में साफ सफाई, शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र संख्या, बच्चों का अनुशासन एवं शासन की गाइड लाइन के अनुसार स्कूल संचालित हो रहे हैं या नहीं। इसके अलावा पेड़-पौधे, परीक्षा कक्षों की स्थिति, फर्नीचर आदि को देखना था। डीएम द्वारा नामित टीम ने आवेदन करने वाले स्कूलों का निरीक्षण कर मानकों को परखा। पुरस्कार के लिए प्राइवेट सीबीएसई, एडेड बेसिक एवं केंद्रीय विद्यालय भी इसमें शामिल हैं।
शासन की गाइड लाइन के अनुसार जिले के 36 स्कूलों का स्वच्छता पुरस्कार के लिए चयन किया गया है। इन्हें जल्द ही डीएम द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इनमें से टॉप 12 स्कूलों का नाम राज्य स्तर पर सम्मानित करने के लिए शासन को सूची भेजी जाएगी।
-अंजली अग्रवाल, बीएसए