मासूम पन्नू की फाइल फोटो, व घर के बाहर जमा लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में दोस्त से बेज्जती का बदला लेने के लिए आरोपी ने उसके बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अबुजर का उसने पहले हाथों से गला दबाया, लेकिन उसके हाथ कांपने लगे। इसके बाद पास में रस्सी पड़ी देखी, इससे उसके हाथ पैर बांध दिए। इसके बाद एक रस्सी से उसका गला घोट दिया। शव को वह दूसरी जगह ठिकाना लगाना चाहता था, इसके लिए बोरी का भी इंतजाम कर लिया था। लेकिन सड़क पर भीड़ व लोगों की चहल पहल देखकर उसने वहीं पर ही कूड़े के ढेर से शव को दबा दिया।
एक रंगाई पुताई के कारीगर को दो-चार थप्पड़ मारना कोहिनूर रोड निवासी राशिद को इतना महंगा पड़ जाएगा, इस बात का उसे अहसास नहीं था। हाशिम ने अपनी बेइज्जती का का बदला लेने के लिए मंगलवार को उसके सबसे छोटे बेटे अबुजर उर्फ पन्नू की हत्या कर दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर बिलाल और हाशिम को नामजद कर मुकदमा दर्ज कर लिया। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो हाशिम ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बच्चे को घर से इसलिए ले गया, जिससे राशिद को सबक सिखा सके। उसका इरादा बालक की हत्या करने का बिल्कुल नहीं था। लेकिन शराब के नशे में उसने बालक के साथ कुकर्म करने का प्रयास किया। बालक ने इसका विरोध किया तो वह आग बबूला हो गया। अधिक नशे में होने के कारण उसने आवेश में आकर बालक की बेरहमी से हत्या कर दी।
हत्या से पहले अबुजर के पिता के साथ पी थी शराब
सीओ सिटी कमलेश कुमार ने बताया कि आरोपी हाशिम, बिलाल और बालक के पिता राशिद का एक साथ उठना-बैठना था। तीनों एक साथ ही शराब पीते थे। 25 दिन पूर्व शराब के नशे में हाशिम और राशिद के बीच मारपीट हुई थी। राशिद ने हाशिम को पीटा था। मंगलवार देर शाम दोनों ने एक साथ जाटवपुरी पर एक स्थान पर शराब पी, नॉनवेज खाया। इसके बाद राशिद किसी काम से कहीं चला गया। रास्ते से आते समय हाशिम उसके घर पर गया। वहीं से अबुजर को आवाज दी। इसके बाद उसे लेकर चला गया।
अबुजर का शव पहुंचते ही चीख पड़े भाई बहन
राशिद के चार बच्चे है, सबसे बड़ी बेटी जोया, दूसरे नंबर पर जोएब, तीसरे नंबर पर शिब्बू जबकि चौथे नंबर का अबुजर था। इसके कारण वह परिवार में सबका चहेता था। पास के ही एक स्कूल में पढ़ाई करता था। अबुजर का शव देर शाम घर पहुंचते ही बहन जोया चीख पड़ी, बोली अबुजर अब मेरे साथ कौन खेलेगा। अप्पी कहकर कौन बोलेगा।
बालक की गला घोट कर हत्या कर शव को खाली प्लॉट में कूड़े के ढेर के नीचे छिपाया गया था। शव का पोस्टमार्टम पैनल की टीम से कराया है। मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य पहलुओं में जांच की जा रही है। -सर्वेश मिश्र, एसपी सिटी