कार की टक्कर से ऑटो सवार युवक की मौत, दो घायल
सिरसागंज थाना क्षेत्र के करहल रोड पर हुआ हादसा
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। सिरसागंज के करहल रोड पर कार की चपेट में आने से ऑटो पलट गया। ऑटो सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए शिकोहाबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दखिनारा निवासी राजेश अपनी मौसी के बेटे सुनील और एक अन्य व्यक्ति के साथ करहल से ऑटो से सिरसागंज आ रहे थे। सिरसागंज के करहल रोड पर कार की चपेट में आने से ऑटो पलट गया। ऑटो पलटने से सुनील और राजेश घायल हो गए। वहीं ऑटो सवार एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर सिरसागंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राजेश और सुनील को उपचार को शिकोहाबाद अस्पताल भेज दिया। शव को पुलिस पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लेकर आई। पुलिस को मृतक के पास से मोबाइल फोन व कोई पर्स आदि भी नहीं मिला। थानाध्यक्ष सिरसागंज उदयवीर सिंह मलिक का कहना है कि कार ने ऑटो में टक्कर मारी थी। हादसे में दो लोग घायल हुए है। वहीं 30 वर्षीय युवक की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। मृतक की पहचान को प्रयास किए जा रहे हैं।