फिरोजाबाद। साधन सहकारी समिति तिलियानी पर खाद को ब्लैक में करहल के किसी पंडित को बिक्री किए जाने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसकी जानकारी होने पर एआर कोपरेटिव एवं कृषि विभाग के एडीओ ने मौके पर जाकर जांच की। अधिकारियों ने शुरुआती जांच में दोषी पाए जाने पर आंकिक मनोज कुमार को निलंबित किए जाने की संस्तुति की है।
जिले में किसान उर्वरक की तलाश में भटक रहे है। वहीं समितियों पर तैनात सचिव एवं आंकिक भी मनमानी करने से नहीं चूक रहे हैं। बुधवार को तिलियानी समिति पर तैनात आंकिक मनोज कुमार के द्वाराआरटीजीएस कराए ही बिना मशीन के ही डीएपी का उठान करा दिया गया। आरोप है कि उसने करहल के किसी व्यक्ति को उर्वरक का उठान करा दिया। शिकायत से बचने के लिए यूरिया ले जाने वाले किसानों का डबल अंगूठा लगवाकर कागजी कार्रवाई पूरी कर ली। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर जब वायरल हुआ तो कृषि विभाग के साथ-साथ एआर कोपरेटिव विभाग सक्रिय हो गया।
सीडीओ शत्रोहन वैश्य के निर्देश पर एआर कोपरेटिव सतीश कुमार ने टीम के साथ जाकर जांच की। उन्होंने कहा कि समिति पर पहुंची खाद को आंकिक मनोज कुमार ने बिना मशीन के ही वितरण कर दिया है। इसमें आंकिक को निलंबित किए जाने की संस्तुति की गई है। डीएपी के संबंध में 90 किसानों में से 40 किसानों के बयान लिए हैं। उन्होंने खाद ले जाने की बात कही है। इसके साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आनंदीपुर करकौली सहित अन्य समिति का भी निरीक्षण किया वहां खाद का वितरण किया जा रहा था।