घटना दोपहर करीब एक बजे हुई। कटरा पठानान निवासी इमाम मौलाना मोहम्मद
जुबैर नूर मस्जिद की ओर जा रहे थे, इसी दौरान एसआरके कालेज के सामने दो
युवकों ने उन्हें रोका और उनके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि सात आठ लोग और
वहां पहुंच गए और गली गलौच करने लगे। इमाम जुबैर ने थाने पर दी गई तहरीर
में लिखा है कि मारपीट करने वाले लव इन जेहाद में शामिल होने का आरोप लगा
रहे थे। मौके पर कटरा पठानान निवासी ताहिर और एक अन्य युवक ने उन्हें बचाने
का प्रयास किया तो एक बुलेट सवार युवक ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना की
जानकारी जैसे ही इनके मोहल्ले में लोगों को हुई उनमें आक्रोश फैल गया।
मोहल्लों से निकल कर भीड़ बाजार में आ गई और सिनेमा चौराहा पर जाम लगा
दिया। पुलिस तुरंत ही इमाम को मेडिकल के लिए ले गई। डीएम विजय किरन आनंद व
संयुक्त मजिस्ट्रेट रवींद्र मादेड़ पहुंचे। डीएम ने लोगों को समझाकर जाम
खुलवाया। इसके बाद वह नूर मस्जिद पहुंचे। यहां उन्होंने शहर मुफ्ती अब्दुल
अलीम ईसा साहब से बात की और आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त
कार्रवाई की जाएगी। ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष इसरार अहमद, शहरकाजी शाह नियाज
अली भी मौजूद थे। कुछ देर के बाद एसपी अजय मोहन शर्मा भी पहुंच गए। मस्जिद
से माइक के माध्यम से सभी से शांति बनाए रखने की अपील की। डीएम के आश्वासन
और शहर मुफ्ती की अपील पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। घटना के बाद मिश्रित
आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया है।
समझदार लोग आगे आए
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। इमाम के साथ हुई घटना के बाद पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने सूझबूझ का परिचय दिया और तत्काल डीएम और एसपी मौके पर पहुंच गए। तुरंत ही शहर मुफ्ती से बात की और लोगों को समझाया। ईदगाह कमेटी के सचिव इसरार अहमद खां, पूर्व सभासद मेहबूब अजीज, वकील नवी अफगानी, हिकमत उल्ला खां, व्यापारी नेता आसिम खान, एमएम खान भीड़ को समझाने में जुटे थे।
चौतरफा घटना की भर्त्सना, कार्रवाई की मांग
इमाम के साथ हुई मारपीट की घटना की हर किसी ने निंदा की। सपा जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव और शमशाद बाबा भी इस मामले में शहर मुफ्ती से मिले और पूरे मामले की जानकारी ली। दोषियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की बात कही गई। भाड़ों वाला चौक कटरा पठानान स्थित नूर मस्जिद में मौजूद मौलाना अलीम शम्शी, मौलाना नदीम अख्तर, मौलाना असीन अख्तर, मौ.कासिम रजी, मौलाना शादी, मौ. कारी नईम, मौलाना अब्दुल सत्तार के अलावा शहर काजी नुमाइंदा काजी शाहनियाज अली, दिलशाद अली राजू, गौहर खान, व्यापारी नेता सुनील अग्रवाल, अमित वार्ष्णेय, सपा के महानगर अध्यक्ष हाशिम मंसूरी आदि ने घटना की निंदा की और शहर में आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। भाजपा नेता धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि घटना निंदनीय है।
जल्दी बंद हुई दुकानें
इमाम के साथ हुई घटना की खबर शहर में फैलते ही तनाव के साथ दहशत कायम हो गई। शाम को दुकानों के शटर जल्दी गिर गए। बाजार में भारी मात्रा में फोर्स तैनात कर दिया गया था।
जिले भर का फोर्स तलब किया
एसपी अजय मोहन शर्मा ने जिले भर का फोर्स तलब कर लिया है। देहात के थानों के फोर्स के साथ ही पीएसी को प्रमुख चौराहों पर तैनात किया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी के साथ मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फोर्स को तैनात करके खुफिया विभाग की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। सीओ सिटी राजेश चौधरी मैनपुरी किसी परिचित के यहां गए थे, उनको लौटना पड़ा।
शांति, अमन बनाए रखें शहरवासी: मुफ्ती
शहर मुफ्ती अब्दुल अलीम ईसा एवं ईदगाह कमेटी के सचिव इसरार अहमद खां ने शहर की लोगों से शांति एवं अमन बनाए रखने की अपील की है।