घर से ही कारोबार करते थे अशोक
फिरोजाबाद। उत्तर थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी विभवनगर के हैंडीक्राफ्ट कारोबारी अशोक कुमार गुप्ता पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। कारोबारी दंपती की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुराहाल है। अशोक के बड़े भाई भू प्रकाश गुप्ता ने पुलिस को बताया कि अशोक घर से ही कारोबार करते थे। माल की ज्यादातर सप्लाई सेना को जाती थी।
अशोक गुप्ता का कारोबार ठीक चल रहा था। एक भाई का सुभाष तिराहे के समीप कांच का शोरूम है। दो दिन पहले दूसरे नंबर के भाई संतीश चंद्र गुप्ता अशोक से मिलकर गए थे। तब तक सब ठीक था। अशोक गुप्ता के पांचवें भाई सुनील गुप्ता की करीब 20 साल पूर्व ही मौत हो चुकी है। सभी भाई अलग-अलग ही रहते हैं। वहीं परिजनों ने बताया कि रश्मि ब्लड प्रेशर की शिकार थी और अशोक शुगर से पीड़ित थे। घर के नीचे वाले हिस्से में हैंडीक्राफ्ट सामान का स्टोर था। उसके बराबर में उनका बेडरूम था। दोनों की दवाइयां चल रही थीं। एक साथ दोनों की मौत का कारण क्या रहा इसकी जानकारी पीड़ित परिजन नहीं दे सके। सएसपी अशोक कुमार शुक्ल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
बंद मिला था हीटर
कोतवाल उत्तर संजीव कुमार दुबे ने बताया कि सूचना पर वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। तब तक परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया था। कमरे के अंदर रखा हीटर भी बंद था। कमरे की दो खिड़कियां खुली हुई थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।