मृतक राजन का फाइल फोटो। स्त्रोत: क्षेत्रीय नागरिक
- फोटो : मृतक राजन का फाइल फोटो। स्त्रोत: क्षेत्रीय नागरिक
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के शांतिनगर में 20 सितंबर को हाईटेंशन लाइन हादसे में घायल चार बच्चों में रविवार को तड़के दिल्ली स्थित एम्स में उपचार के दौरान एक और बच्चे ने और दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। रविवार को देर शाम बालक का शव उसके आवास पर लाया गया तो वहां काफी भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की जानकारी होते ही पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
हादसे के छठवें दिन ऋषभ की आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो जाने के बाद नारायण सिंह के घायल दो बेटी एवं एक बेटा को उपचार के लिए दिल्ली एम्स भेज दिया था। दिल्ली एम्स में नारायण सिंह की बेटा राजन (08) एवं बेटी संजना एवं नीतू का उपचार चल रहा था। यहां उपचार के दौरान रविवार तड़के करीब चार बजे राजन (8) ने दम तोड़ दिया। राजन की मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। दिल्ली से उसके शव को रविवार देर शाम शांतिनगर आसफाबाद स्थित आवास पर लाया गया। शव आते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन शव को अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। बच्चे का शव आने की जानकारी होते ही नगर विधायक मनीष असीजा, एडीएम नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट विनोद पांडेय, एसडीएम सदर सुदर्शन कुमार, सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, तहसीलदार सुशील कुमार, थाना प्रभारी रसूलपुर प्रदीप कुमार, सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष राजकुमार राठौर, पार्षद निर्मल शर्मा, पार्षद सुरेशचंद्र दिवाकर, पार्षद अजब सिंह शंखवार आदि ने पीड़ित परिवार को ढाढ़स बंधाया। पीड़ित परिजनों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इधर नारायण सिंह की घायल बेटी संजना (16) एवं नीतू उर्फ जाहन्वी (13) की हालत गंभीर बनी हुई है।